CGSB NEWS | भ्रष्टाचार = राष्ट्रद्रोह घोषित हो
केशकाल (कोंडागांव) – छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में भाजपा नेता संतोष कटारिया के साथ एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। खनिज विकास निगम का अध्यक्ष बनाने का सपना दिखाकर एक महिला और उसके साथी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता से ₹41 लाख 30 हजार रुपये की ठगी कर ली। महिला ने खुद को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भाजपा संगठन से जुड़ी बताकर पद दिलवाने के नाम पर कुल ₹3 करोड़ की मांग की थी।
किसने की ठगी?
पुलिस के अनुसार, ठगी की मास्टरमाइंड महिला काजल जोशी है, जो खुद को नागपुर और दिल्ली निवासी बताती थी। वह बीजेपी और संघ के शीर्ष पदाधिकारियों से करीबी संबंध होने का दावा कर रही थी। उसके संपर्क में राजीव सोनी नाम का एक पुरुष भी शामिल था, जिसके माध्यम से कटारिया की काजल से पहचान हुई।
कैसे हुई पहचान?
रायपुर निवासी राजीव सोनी के जरिए भाजपा नेता संतोष कटारिया, जो केशकाल भाजपा कोर ग्रुप के सदस्य और पूर्व जिला अध्यक्ष हैं, की काजल जोशी से पहचान कराई गई। काजल ने कटारिया को भरोसा दिलाया कि वह उन्हें छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम का अध्यक्ष पद दिला सकती है, लेकिन इसके लिए उन्हें ₹3 करोड़ देने होंगे।
ऐसे ठगे गए 41 लाख रुपये
भाजपा नेता ने तत्काल इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई, लेकिन दबाव में आकर कई किश्तों में पैसे देना शुरू किया:
20 अगस्त 2024: दिल्ली में नकद ₹20 लाख दिए
26 सितंबर 2024: व्हाट्सएप पर भेजे गए QR कोड के ज़रिए ₹1.30 लाख ट्रांसफर
अक्टूबर 2024: रायपुर के होटल क्लार्क इन में ₹20 लाख नकद
इस प्रकार कुल ₹41.30 लाख की ठगी आरोपियों ने कर डाली।
भाजपा नेता ने दर्ज कराई शिकायत
जालसाजी का एहसास होने पर संतोष कटारिया ने केशकाल थाने में महिला काजल जोशी और राजीव सोनी के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों आरोपितों के खिलाफ IPC की संगीन धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
पद पाने की चाहत में ठगी का शिकार
यह मामला न सिर्फ एक व्यक्तिगत ठगी का है, बल्कि यह भी उजागर करता है कि कैसे राजनीति में पद की लालसा को अपराधी और फर्जी लोग हथियार बना रहे हैं। भाजपा जैसे सत्ताधारी दल के वरिष्ठ नेताओं तक को चकमा देकर ठग लिए जाने से राजनीतिक गलियारों में भी हलचल मच गई है।