किडनी की बीमारी से थे पीड़ित, 77 वर्ष की उम्र में हुआ निधन = नई दिल्ली – जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक का सोमवार को निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली के डॉ. राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल में दोपहर 1 बजकर 20 मिनट पर अंतिम सांस ली। वे 77 वर्ष के थे और लंबे समय से किडनी संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे।
सत्यपाल मलिक का जन्म 24 जुलाई 1946 को हुआ था। वे गोवा, मेघालय और बिहार के राज्यपाल भी रह चुके थे। वर्ष 2018 से 2019 तक उन्होंने जम्मू-कश्मीर के राज्यपाल के रूप में सेवा दी। इस दौरान 5 अगस्त 2019 को केंद्र सरकार द्वारा जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाया गया था, जब वे राज्यपाल पद पर आसीन थे।
अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत उन्होंने उत्तर प्रदेश विधानसभा से की थी। 1974 से 1977 तक वे विधायक रहे। इसके बाद वे राज्यसभा के सदस्य बने और 1980 से 1986 और फिर 1986 से 1989 तक राज्यसभा में रहे। 1989 में वे लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए और 9वीं लोकसभा के सदस्य बने।
हाल के वर्षों में उनका नाम विवादों में भी रहा। जम्मू-कश्मीर के किरू हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट से जुड़े 2200 करोड़ रुपए के सिविल वर्क्स कॉन्ट्रैक्ट में अनियमितताओं के आरोप में सीबीआई ने 22 फरवरी 2024 को उनके ठिकानों पर छापेमारी की थी। 22 मई को एजेंसी ने उनके खिलाफ चार्जशीट भी दायर की थी।
सत्यपाल मलिक अपने बेबाक बयानों और निष्पक्ष रायों के लिए जाने जाते थे। उनके निधन से राजनीतिक और प्रशासनिक जगत में शोक की लहर है।